Breaking
Mon. Jun 22nd, 2026

जमशेदपुर में पुलिस का सघन नाइट चेकिंग अभियान, 172 लोगों का सत्यापन, 49 स्थानों पर एक साथ छापेमारी

जमशेदपुर।शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से शुक्रवार देर रात व्यापक पुलिस अभियान चलाया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी शहरी थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष छापेमारी और चेकिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान का मुख्य फोकस अड्डेबाजी, संदिग्ध गतिविधियों और सार्वजनिक स्थलों पर अनावश्यक जमावड़ों पर नियंत्रण रखना था।

इस कार्रवाई के तहत पुलिस की अलग-अलग टीमों ने पहले से चिन्हित 49 संवेदनशील स्थानों पर एक साथ दबिश दी। इनमें चौक-चौराहे, सुनसान इलाके, बाजार क्षेत्र और वे स्थान शामिल थे जहां अक्सर असामाजिक तत्वों के एकत्र होने की सूचना मिलती रही है। अचानक हुई इस कार्रवाई से कई इलाकों में हड़कंप की स्थिति देखी गई और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोग मौके से हटते नजर आए।

अभियान के दौरान कुल 172 लोगों का सत्यापन किया गया। पुलिस ने उनकी पहचान, गतिविधियों और मौजूदगी के उद्देश्य की गहन जांच की ताकि किसी भी संभावित आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। इसके साथ ही यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई और तीन वाहनों का चालान काटा गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। सिटी एसपी ललित मीणा ने कहा कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है तथा किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा।

Related Post

You Missed