Breaking
Tue. May 26th, 2026

सड़क निर्माण ठेकेदार से लेवी वसूलने पहुंचे तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार व कारतूस बरामद

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनन्दपुर थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार से लेवी वसूलने पहुंचे तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर चाईबासा बहामन टूटी ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में संजु भोगता, कृष्णा भोगता और संजय साय शामिल हैं। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार 25 मई की सुबह आनन्दपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी ईचिण्डा से गोयराबेड़ा के बीच सड़क निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार से लेवी वसूलने की योजना बना रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम जब बुरुईचिण्डा से गोयराबेड़ा जाने वाली कच्ची सड़क के पास जंगल क्षेत्र में पहुंची, तो सामने से आ रहे दो युवक पुलिस वाहन को देखकर जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम संजु भोगता और कृष्णा भोगता बताया।

तलाशी के दौरान संजु भोगता के पास से मैगजीन सहित एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक मिस फायर कारतूस, तीन स्मार्ट फोन और दो कीपैड मोबाइल बरामद किए गए। वहीं कृष्णा भोगता के पास से तीन जिंदा कारतूस और एक स्मार्ट फोन बरामद हुआ। दोनों आरोपी हथियार और कारतूस से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस पूछताछ में संजु भोगता ने स्वीकार किया कि वे व्हाट्सएप कॉल के जरिए ठेकेदारों को धमकाकर लेवी मांगते थे। उसने यह भी बताया कि वे पहले पीएलएफआई संगठन से जुड़े रहे हैं और सड़क निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार को धमकाने पहुंचे थे।

आरोपियों के बयान के आधार पर पुलिस ने संजय साय को भी गिरफ्तार किया। उसके पास से एक स्मार्ट फोन बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार संजु भोगता ने फरवरी 2026 में रोबोकेरा गांव में सड़क निर्माण कंपनी के वाहनों में आगजनी की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में आनन्दपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Post