चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित झींकपानी थाना क्षेत्र के सूरजाबासा में शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे टोटो और मोटरसाइकिल के बीच सीधी टक्कर हो गई। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एक टेंपो की मदद से सदर अस्पताल चाईबासा लाया गया, जहां इलाज के दौरान जगन्नाथपुर निवासी शनि गुप्ता (पिता दिलीप गुप्ता) की मौत हो गई। शनि गुप्ता आलू-प्याज का व्यवसाय करते थे।
घटना की जानकारी देते हुए विश्व हिंदू परिषद के जिला गौ रक्षा प्रमुख सुधांशु कुमार चौधरी ने बताया कि टोटो झींकपानी की ओर से चाईबासा आ रहा था। वहीं, मोटरसाइकिल चाईबासा से जगन्नाथपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सूरजाबासा के पास दोनों वाहनों में आमने-सामने टक्कर हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार मोटरसाइकिल की रफ्तार काफी तेज थी। लोगों ने इसकी गति 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक होने का अनुमान लगाया है।
बताया गया कि टोटो में अंशु पाल (35) अपनी बच्ची के साथ चाईबासा आ रहे थे। टोटो चालक का नाम वैभव भाटी बताया गया है। वहीं, मोटरसाइकिल संख्या JH06R 9195 पर धनेश्वर कुंभार उर्फ हर्ष (17), (पिता विधानसु कुम्भार) दीपा साई, जगन्नाथपुर निवासी शनि गुप्ता सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना सभी घायलों के परिजनों को दे दी गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाने में विश्व हिंदू परिषद के जिला गौ रक्षा प्रमुख सुधांशु कुमार चौधरी की अहम भूमिका रही। उनके साथ बजरंग दल के अंकित कुमार साह, रोहित श्रीवास्तव, अविनाश दास, शुभम जयसवाल और द्वारिका शर्मा ने भी सहयोग किया। हादसे के बाद झींकपानी थाना प्रभारी राजीव रंजन मिश्रा अपने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की।

