रायपुर। छत्तीसगढ़ के दूरस्थ और आदिवासी बहुल इलाकों के लिए दल्ली राजहरा-ताड़ोकी-रावघाट नई रेल लाइन का शुरू होना लंबे इंतजार के बाद एक ऐतिहासिक अवसर बन गया। जब इस क्षेत्र में पहली बार ट्रेन पहुंची तो ग्रामीणों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। जिन इलाकों में अब तक लोगों की आवाजाही मुख्य रूप से सड़क मार्ग पर निर्भर थी, वहां रेल पहुंचने से बेहतर आवागमन, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच की उम्मीद जगी है।
रेल के पहली बार क्षेत्र में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने इसे अपने इलाके के विकास की नई शुरुआत बताया। ग्रामीणों का कहना था कि वर्षों से वे रेल सेवा का इंतजार कर रहे थे। अब ट्रेन चलने से राजधानी रायपुर और दूसरे प्रमुख शहरों तक पहुंचना आसान हो जाएगा। एक स्थानीय निवासी ने कहा कि पहले शिक्षा, रोजगार और जरूरी काम के लिए रायपुर जाने में काफी समय और परेशानी होती थी। अब रेल सेवा शुरू होने से यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी और लोगों का समय भी बचेगा।
एक महिला ग्रामीण ने कहा कि उन्होंने अपने क्षेत्र में पहली बार ट्रेन देखी है। उनके लिए यह केवल रेल सेवा शुरू होने का अवसर नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए नई उम्मीद का संदेश है। उन्होंने कहा कि रेल आने से बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए बाहर जाने में सुविधा मिलेगी और रोजगार के अवसर तलाशने वाले युवाओं को भी इसका लाभ मिलेगा।
एक अन्य ग्रामीण ने बताया कि पहले रायपुर या अन्य शहरों तक काम के सिलसिले में जाने के लिए लंबी सड़क यात्रा करनी पड़ती थी। रेल सुविधा उपलब्ध होने से अब शहर तक पहुंचना आसान और कम समय वाला होगा। अंतागढ़ के एक निवासी ने कहा कि पहले अंतागढ़ पहुंचने में काफी समय लग जाता था, लेकिन रेल सेवा शुरू होने के बाद एक दिन के भीतर यात्रा पूरी करना संभव होगा। इससे मरीजों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और कारोबारियों को विशेष सुविधा मिलेगी।
दल्ली राजहरा-ताड़ोकी-रावघाट रेल परियोजना का महत्व केवल यात्री परिवहन तक सीमित नहीं है। इससे छत्तीसगढ़ के दूरस्थ इलाकों को व्यापक रेल नेटवर्क से जोड़ने के साथ क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। रेल लाइन के जरिए रावघाट क्षेत्र से लौह अयस्क को भिलाई इस्पात संयंत्र तक पहुंचाने में भी सुविधा होगी। इससे माल परिवहन को मजबूती मिलेगी और देश के इस्पात क्षेत्र के लिए कच्चे माल की आपूर्ति बेहतर हो सकेगी।
रेल कनेक्टिविटी के साथ स्थानीय लोगों को बाजार, अस्पताल, शैक्षणिक संस्थानों और रोजगार के केंद्रों तक पहुंचने के नए विकल्प मिलेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि रेल आने से अब उनका क्षेत्र पहले की तरह दूर और अलग-थलग नहीं रहेगा। पहली ट्रेन के पहुंचने का दृश्य उनके लिए वर्षों के इंतजार के पूरा होने और विकास की नई राह खुलने का प्रतीक बन गया।

