पलामू। हैदरनगर थाना क्षेत्र के कोसीआरा गांव के समीप उत्तरी कोयल मुख्य नहर से शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव नहर के पानी में बहता हुआ मिला। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर हैदरनगर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी तंजीलुल मन्नान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आसपास के ग्रामीणों से भी मृतक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
थाना प्रभारी के अनुसार, प्रथमदृष्टया संभावना है कि शव कोयल नदी के पानी के बहाव के साथ बहकर उत्तरी कोयल मुख्य नहर में पहुंचा होगा। हालांकि, व्यक्ति की मौत कैसे हुई और वह किन परिस्थितियों में नदी तक पहुंचा, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान नहीं होने के कारण पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में भी जानकारी भेजकर शिनाख्त का प्रयास कर रही है। शव मिलने की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक की पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

