Breaking
Thu. May 14th, 2026

ईटखोरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोबाइल दुकान में हुई 10 लाख की चोरी का खुलासा, 5 अंतरजिला चोर गिरफ्तार, 31 स्मार्टफोन बरामद

चतरा : जिले की ईटखोरी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने महज कुछ ही दिनों के भीतर मोबाइल दुकान में हुई बड़ी चोरी की घटना का पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने अंतरजिला गिरोह के पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से लाखों रुपये के मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई है। मामले की शुरुआत बीते 16 मार्च 2026 को हुई थी। ईटखोरी चट्टी के रहने वाले सूरज कुमार दांगी (पिता- विनोद दांगी) ने ईटखोरी थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। वादी ने बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनकी मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर बड़ी संख्या में कीमती स्मार्टफोन और नकद रुपयों की चोरी कर ली है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ईटखोरी थाना कांड संख्या 28/26 दर्ज किया और जांच शुरू की। चोरी की इस बड़ी वारदात के बाद चतरा पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए एक विशेष रणनीति तैयार की। एसपी के निर्देश पर ईटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। इस टीम में सअनि दुखीराम महतो, सअनि पंकज कुमार और ईटखोरी थाने के सशस्त्र बल के जवानों को शामिल किया गया। टीम को तकनीकी सेल और गुप्त सूचनाओं के आधार पर अपराधियों तक पहुँचने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पुलिस अधीक्षक को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने इस कांड में संलिप्त कुल पांच अभियुक्तों को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए चोरों में शामिल हैं चंदन कुमार भोक्ता (चौपारण, हजारीबाग) दूसरा कामेश्वर कुमार (चौपारण, हजारीबाग) तीसरा रुबेश कुमार (चौपारण, हजारीबाग) चौथा खिरोधर कुमार (चौपारण, हजारीबाग) पांचवा महेश भोक्ता (पत्थलगड्डा, चतरा) ये अपराधी हजारीबाग और चतरा जिले के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय थे और संगठित होकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।गिरफ्तारी के बाद अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने उनके ठिकानों से चोरी का माल बरामद किया। पुलिस ने कुल 31 विभिन्न कंपनियों के स्मार्टफोन बरामद किए हैं, जिनकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा, पुलिस ने एक निकॉन कंपनी का कैमरा, कैमरा चार्जर और चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई एक मोडीफाईड डिस्कवर मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है। ईटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि इन अपराधियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगेगी। सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह के तार और कहाँ-कहाँ जुड़े हैं। चतरा पुलिस की इस तत्परता ने स्थानीय व्यवसायियों के बीच सुरक्षा के भाव को मजबूत किया है।

Related Post