Breaking
Sun. Sep 27th, 2026

*करम पर्व पर दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ, 40 टीमें ले रहीं हिस्सा*

चाईबासा: करम पर्व के अवसर पर उरॉंव सरना समिति, चक्रधरपुर की ओर से चक्रधरपुर सेरसा स्थित इकबाल सिंह संधू स्टेडियम में दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता में कुल 40 टीमें हिस्सा ले रही हैं। खिलाड़ियों से औपचारिक परिचय प्राप्त करने के बाद प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया गया। प्रतियोगिता का समापन सोमवार, 28 सितंबर 2026 को होगा।

उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर परिषद चक्रधरपुर के अध्यक्ष सन्नी उरांव उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया और प्रतियोगिता के आयोजन के लिए उरॉंव सरना समिति की सराहना की।

सन्नी उरांव ने कहा कि करम पर्व समाज की सांस्कृतिक परंपरा और पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे अवसर पर खेल प्रतियोगिता का आयोजन युवाओं को अपनी संस्कृति और समाज से जोड़ने के साथ उन्हें खेल के प्रति प्रोत्साहित करने का भी माध्यम है। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि इससे युवाओं में अनुशासन, मेहनत, आत्मविश्वास और आपसी भाईचारे की भावना विकसित होती है।

उन्होंने आयोजन समिति के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर इस तरह की प्रतियोगिताओं से ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेना चाहिए और जीत-हार से अधिक अपने प्रदर्शन तथा अनुभव पर ध्यान देना चाहिए।

नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। आज के खिलाड़ियों में मेहनत, अनुशासन और आगे बढ़ने की भावना विकसित होगी तो आने वाले समय में वे समाज और देश के विकास में अपनी भूमिका निभा सकेंगे। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी सक्रिय रहने की अपील की।

उन्होंने कहा कि आयोजक समिति ने करम पर्व के अवसर पर फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित कर युवाओं को एक मंच देने का काम किया है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी मेल-जोल बढ़ता है और युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है।

प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह देखा गया। दो दिनों तक स्टेडियम में विभिन्न टीमों के बीच मुकाबले होंगे। आयोजन समिति की ओर से प्रतियोगिता को सफल और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की तैयारी की गई है।

Related Post