Breaking
Thu. May 14th, 2026

चतरा के संघरी घाटी में भीषण सड़क हादसा, चालक-उपचालक की मौके पर मौत

चतरा : जिले के संघरी घाटी में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनों ट्रकों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर लंबा जाम लग गया। मिली जानकारी के अनुसार, दुर्गापुर से सरिया लोड कर बक्सर जा रही एक ट्रक का ब्रेक अचानक फेल हो गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर पलट गई। इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी सरिया लोड ट्रक उसी पलटी हुई ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में चालक बैजू कुमार और उपचालक सचिन कुमार, दोनों निवासी बक्सर, की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दोनों के शव ट्रक में फंस गए और बाहर लटक गए। घटना के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद जाम हटवाया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Related Post