Breaking
Wed. May 13th, 2026

होल्डिंग टैक्स वृद्धि पर होगा पुनर्विचार, मंत्री सुदिव्य कुमार ने दिया आश्वासन

जमशेदपुर: सुदिव्य कुमार को सर्वधर्म सद्भावना समिति, जमशेदपुर की ओर से होल्डिंग टैक्स वृद्धि के मुद्दे पर मांग पत्र सौंपा गया। समिति ने शहरी क्षेत्रों में होल्डिंग टैक्स की गणना को सर्किल रेट से जोड़ने के फैसले पर पुनर्विचार की मांग करते हुए आम नागरिकों पर बढ़ते आर्थिक बोझ को कम करने की अपील की।

मध्यम वर्ग और छोटे व्यापारियों पर बढ़ा बोझ

समिति की ओर से सौंपे गए पत्र में कहा गया कि नगर निकायों के विकास के लिए राजस्व आवश्यक है, लेकिन सर्किल रेट आधारित नई व्यवस्था कई क्षेत्रों में अव्यावहारिक साबित हो रही है। विशेष रूप से मध्यम वर्गीय परिवारों और छोटे व्यापारियों पर इसका सीधा असर पड़ा है।

समिति ने बताया कि कई इलाकों में सड़क की चौड़ाई और सर्किल रेट के संयोजन के कारण होल्डिंग टैक्स की राशि दोगुनी से अधिक हो गई है, जिससे लोगों की आर्थिक परेशानी बढ़ी है।

समिति ने रखीं ये प्रमुख मांगें

सर्वधर्म सद्भावना समिति ने सरकार से मांग की कि—

सर्किल रेट और टैक्स प्रतिशत के बीच एक उचित सीमा (कैप) तय की जाए।

स्वयं के आवास में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों और निम्न आय वर्ग को राहत दी जाए।

व्यावसायिक संपत्तियों के लिए लागू मल्टीप्लायर को तार्किक बनाया जाए।

मंत्री ने समीक्षा का दिया भरोसा

समिति के प्रतिनिधियों के अनुसार मंत्री सुदिव्य कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि सर्किल रेट के आधार पर होल्डिंग टैक्स की गणना की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम जनता पर बढ़ रहे आर्थिक भार को कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

इस अवसर पर ज्योति मिश्रा, संतोष सिन्हा, समरेश ठाकुर, विजय पांडे, नवनीत मिश्रा, नीरज श्रीवास्तव, राजेश चौधरी, सुनील प्रसाद और लल्लन चौधरी उपस्थित थे।

Related Post