जमशेदपुर। टाटानगर रेलवे स्टेशन यार्ड के पास तेंदुआ देखे जाने की खबर ने मंगलवार शाम शहर में सनसनी फैला दी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में तेंदुए जैसा दिखने वाला एक बड़ा जंगली जानवर रेलवे यार्ड के समीप दौड़ता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आते ही वन विभाग, रेलवे प्रशासन और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) हरकत में आ गए हैं। हालांकि अब तक यह पुष्टि नहीं हो सकी है कि वीडियो में दिख रहा जानवर वास्तव में तेंदुआ है या कोई अन्य जंगली जीव।
बुधवार को जमशेदपुर की प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) सबा आलम अंसारी ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी गई है। वन विभाग की विशेष टीम को संभावित इलाके में भेजा गया है, जहां झाड़ियों और सुनसान हिस्सों की जांच की जा रही है। विभाग द्वारा कई स्थानों पर ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं ताकि जानवर की गतिविधियों को रिकॉर्ड किया जा सके और उसके पगमार्क की पहचान हो सके। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में दिखाई दे रहा जानवर बड़ी जंगली बिल्ली भी हो सकता है, इसलिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
इधर, रेलवे प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। टाटानगर स्टेशन यार्ड में दिन-रात शंटिंग और मालगाड़ियों की आवाजाही होती है, जिससे बड़ी संख्या में रेलकर्मी वहां कार्यरत रहते हैं। सुरक्षा के मद्देनजर कर्मचारियों को रात के समय झाड़ियों और सुनसान क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है। RPF की टीम लगातार इलाके में गश्त कर रही है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध जानवर को देखने पर तुरंत सूचना दें और अफवाह फैलाने से बचें।

