Breaking
Tue. May 12th, 2026

अंडर-16 खिलाड़ियों के लिए समर क्रिकेट कैंप 15 मई से

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ की ओर से अंडर-16 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए 15 मई से समर क्रिकेट कैंप आयोजित किया जाएगा। यह कैंप बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में लगाया जाएगा, जिसमें पश्चिमी सिंहभूम जिले का कोई भी खिलाड़ी भाग ले सकता है।

करीब 20 दिनों तक चलने वाले इस कैंप में खिलाड़ियों को शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ क्रिकेट की विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि कैंप के पहले सप्ताह में प्रशिक्षण का समय अपराह्न 3 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा।

वहीं 24 मई से 7 जून तक कैंप दो सत्रों में आयोजित होगा। सुबह का सत्र 6 बजे से 8 बजे तक और शाम का सत्र 3 बजे से 6 बजे तक चलेगा।

उन्होंने बताया कि कैंप में स्थानीय कोचों के अलावा झारखंड राज्य क्रिकेट संघ द्वारा नामित कोच और ट्रेनर भी खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे।

इसमें बल्लेबाजी, गेंदबाजी, क्षेत्ररक्षण और शारीरिक प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कैंप के शुरुआती चरण में खिलाड़ियों की फिटनेस पर जोर रहेगा, जबकि बाद के सत्रों में तकनीकी प्रशिक्षण और मानसिक मजबूती पर फोकस किया जाएगा।

कैंप के दौरान खिलाड़ियों को दो टीमों में बांटकर उनकी क्षमता का मूल्यांकन भी किया जाएगा। 7 जून को आयोजित समापन समारोह में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

असीम कुमार सिंह ने बताया कि कैंप में प्रवेश के इच्छुक खिलाड़ी स्वयं या अपने अभिभावकों के माध्यम से जिला क्रिकेट संघ कार्यालय में निबंधन करा सकते हैं। सीटें सीमित होने के कारण पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।

निबंधन के समय खिलाड़ियों को एक रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड की छायाप्रति जमा करनी होगी। अधिक जानकारी के लिए जिला क्रिकेट संघ के कार्यालय सहायक तेजनाथ लकड़ा के मोबाइल नंबर 7900970878 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related Post