चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में उद्योगपति पदम कुमार जैन द्वारा प्रायोजित 15वीं ज्ञान चंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय, चाईबासा ने मधुसूदन पब्लिक स्कूल, आसनतलिया को सात विकेट से हराकर पहली बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मधुसूदन पब्लिक स्कूल की टीम 10.1 ओवर में 56 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से जयवंत कच्छप ने 19 और सावन महतो ने 14 रन बनाए।
संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय की ओर से सावन गोप और सरीम सज्जाद ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। वहीं चंदन देवगम और सुरज कुमार महतो को दो-दो विकेट मिले।
57 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय की टीम ने 10.2 ओवर में तीन विकेट खोकर 62 रन बनाते हुए मैच जीत लिया। शिवम लाल विश्वकर्मा ने चार चौकों की मदद से 22 रन बनाए, जबकि सावन गोप ने 17 रन का योगदान दिया। मधुसूदन पब्लिक स्कूल की ओर से सावन महतो, अयांश श्रीवास्तव और त्रिनाथ प्रधान ने एक-एक विकेट लिया।
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की, जबकि जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो ने उपविजेता टीम को सम्मानित किया। फाइनल मैच के प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय के सावन गोप को दिया गया। यह पुरस्कार उप समाहर्ता प्रभारी हर्ष कुमार ने प्रदान किया।
प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार सुरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल, चाईबासा के सोहम मैती को मिला। सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय के सावन गोप को दिया गया, जबकि प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, चक्रधरपुर के आमीर परवेज को मिला।
समारोह में शतक लगाने वाले खिलाड़ियों पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, चक्रधरपुर के आमीर परवेज और मधुसूदन पब्लिक स्कूल, आसनतलिया के रौशन सिंह यादव को भी सम्मानित किया गया।
एक पारी में पांच या उससे अधिक विकेट लेने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया गया। इनमें त्रिनाथ प्रधान, हर्षित, दिव्यांश यादव, सावन गोप, सावन महतो, अयांश सिन्हा और निलेश कुमार दास शामिल रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त मनीष कुमार ने बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम के आउटफील्ड और जिला क्रिकेट संघ के कार्यों की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों को लगातार मेहनत कर महेंद्र सिंह धोनी की तरह राज्य और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
इससे पूर्व पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने किया।

