Breaking
Wed. Jul 15th, 2026

पत्नी के साथ मिलकर बेटे ने कर दी पिता की हत्या

चतरा : राजपुर थाना क्षेत्र के लारालूटूदाग गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद में कलयुगी पुत्र भोला यादव ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर रविवार की रात को 65 वर्षीय पिता कुलेश्वर यादव की गला दबाकर तथा लोहे की रॉड से मारकर हत्या कर दी।घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सोमवार की सुबह ग्रामीणों की सूचना पर राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया।ग्रामीणों के अनुसार आरोपी ने पहले गमछे से पिता का गला घोंटा और फिर सिर पर लोहे की रॉड से कई वार कर पिता को मौत के घाट सुला दिया। बताया जाता है कि हत्या को अंजाम देने से पहले भोला यादव ने आसपास के कई घरों में

बाहर से दरवाजों की कुंडी लगा दी थी, ताकि चीख-पुकार सुनकर कोई मदद के लिए बाहर न निकल सके। इस बात की चर्चा गांव में दबी जुबान से हो रही है। मृतक के परिजनों ने बताया कि भोला यादव पिछले करीब एक वर्ष से अपने पिता के साथ अक्सर विवाद करता रहता था। पारिवारिक तनाव लगातार बढ़ रहा था। रात विवाद इतना बढ़ गया कि बहू-बेटे ने मिलकर कुलेश्वर यादव की हत्या कर दी। इधर राजपुर थाना पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।

Related Post