जमशेदपुर: टिनप्लेट गुरुद्वारा साहिब कमेटी के 10 मई 2026 को हुए चुनाव में सुरजीत सिंह खुशीपुर ने एक बार फिर शानदार जीत दर्ज करते हुए प्रधान पद पर कब्जा बरकरार रखा। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी गुरदयाल सिंह मानावाल को 126 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया।
चुनाव में कुल 1324 मतदाता थे, जिनमें से 1094 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना के बाद सुरजीत सिंह खुशीपुर को 604 वोट मिले, जबकि गुरदयाल सिंह मानावाल को 478 मत प्राप्त हुए। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया और गुरुद्वारा परिसर में जीत का जश्न मनाया गया।
यह चुनाव सीजीपीसी (सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी) के कार्यकारी प्रधान सुखविंदर सिंह राजू की देखरेख में खालसा स्कूल परिसर में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता के विशेष इंतजाम किए गए थे।
गौरतलब है कि सुरजीत सिंह खुशीपुर, जो वर्तमान में सीजीपीसी के वरीय उपाध्यक्ष भी हैं, ने लगातार तीसरी बार प्रधान पद जीतकर नया रिकॉर्ड कायम किया है। इससे पहले भी वे दो बार टिनप्लेट गुरुद्वारा साहिब कमेटी के प्रधान रह चुके हैं। उनकी जीत को संगठन में उनके मजबूत जनाधार और सक्रिय नेतृत्व का परिणाम माना जा रहा है।
जीत के बाद सुरजीत सिंह खुशीपुर ने सभी मतदाताओं और समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि वे गुरुद्वारा साहिब और समाज की सेवा के लिए पहले की तरह समर्पित भाव से कार्य करते रहेंगे।

