जमशेदपुर। शहर के सोनारी, कदमा, बिष्टुपुर और साकची स्थित टाटा लीज एरिया में रहने वाले लोगों को पानी और बिजली कनेक्शन लेने में हो रही परेशानियों को लेकर सोमवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा ने टाटा लैंड विभाग के रीजनल मैनेजर प्रवीण कुमार से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र के निवासियों से जुड़ी कई समस्याओं को विस्तार से रखा गया और उनके त्वरित समाधान की मांग की गई।
मुकुल मिश्रा ने कहा कि टाटा लीज एरिया में रहने वाले बड़ी संख्या में लोगों ने पानी और बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन जमा किए हैं, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बावजूद उन्हें अब तक सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है। उन्होंने कहा कि बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण आम नागरिकों को रोजमर्रा की जिंदगी में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवार अस्थायी व्यवस्था के सहारे रहने को मजबूर हैं।
उन्होंने टाटा लैंड प्रबंधन से आग्रह किया कि लंबित आवेदनों की शीघ्र समीक्षा कर योग्य आवेदकों को प्राथमिकता के आधार पर पानी और बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि यदि समय पर सुविधाएं उपलब्ध नहीं हुईं तो लोगों में असंतोष और बढ़ सकता है।
बैठक के दौरान टाटा लैंड के आरएम प्रवीण कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि लंबित मामलों की समीक्षा की जाएगी और जल्द ही समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रक्रिया को सरल बनाने का प्रयास किया जाएगा।
मुकुल मिश्रा ने इस दौरान टाटा लीज एरिया में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी छोटे दुकानदारों और सामान्य लोगों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करती है, जबकि बड़े स्तर पर किए गए अतिक्रमणों पर अपेक्षित सख्ती नहीं दिखाई जाती। उन्होंने कहा कि इस तरह की कथित दोहरी नीति के कारण अवैध निर्माण और अपार्टमेंटों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने यह भी मांग की कि जिन लोगों ने भवन निर्माण के लिए नक्शा पास कराने और एनओसी प्राप्त करने हेतु आवेदन किया है, उनके मामलों की निष्पक्ष जांच कर जल्द निर्णय लिया जाए। यदि आवेदन नियमों के अनुरूप हों तो उन्हें समय पर एनओसी जारी की जाए, ताकि लोग वैध तरीके से अपना घर बना सकें और अनावश्यक परेशानियों से बच सकें।
प्रतिनिधिमंडल में शीतल खुल्लर, विनोद सिंह, काजल चौधरी और अशोक सिंह भी शामिल थे। बैठक में क्षेत्र की नागरिक सुविधाओं, भवन निर्माण प्रक्रिया और लीज एरिया से जुड़ी अन्य समस्याओं पर भी चर्चा हुई।

