Breaking
Mon. May 11th, 2026

गोविंदपुर पंचायत भवन में ज्ञान केंद्र का उद्घाटन, विधायक जगत माझी ने विद्यार्थियों को किया प्रोत्साहित

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी ने सोमवार को गोविंदपुर पंचायत भवन में ज्ञान केंद्र का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों को किताबों से दोस्ती करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुस्तकें मनुष्य की सबसे अच्छी मित्र होती हैं और पुस्तकालय में समय बिताने वाले विद्यार्थियों को जीवन में सफलता जरूर मिलती है।

उद्घाटन के बाद विधायक ने ज्ञान केंद्र में बने कंप्यूटर कक्ष और लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए कहा कि केंद्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबों के साथ महापुरुषों की जीवनी और प्रेरणादायक साहित्य उपलब्ध कराया गया है, जिससे छात्रों को पढ़ाई में मदद मिलेगी।

जगत माझी ने कहा कि यदि ज्ञान केंद्र में और पुस्तकों की जरूरत होगी तो सूची उपलब्ध कराने पर उनकी व्यवस्था कराई जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। सम्मानित छात्रों में मैट्रिक की तनीषा प्रधान, रेशमी प्रधान और शुभम प्रधान तथा इंटरमीडिएट के चमरा बांकिरा और राधा नायक शामिल हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत में छात्र-छात्राओं ने परेड कर विधायक का स्वागत किया।

मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ उरांव, मुखिया अमर सिंह सामाड, पंचायत सचिव मानस कुमार त्रिपाठी, समाजसेवी किशोर दास, चिरंजीवी प्रधान, रंजीता प्रधान, प्रेमचंद प्रमाणिक समेत कई ग्रामीण और शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थे।

Related Post