बोकारो : बोकारो पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बीएस सिटी थाना क्षेत्र के नया मोड़ बस स्टैंड से करीब 47 किलो गांजा बरामद किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, कुछ तस्कर बस के माध्यम से गांजा बिहार भेजने की तैयारी में थे। एसपी के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक नगर आलोक रंजन के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने नया मोड़ बस स्टैंड स्थित पवन सूत बस पड़ाव के चबूतरे पर संदिग्ध अवस्था में रखे दो प्लास्टिक के बोरों की जांच की।
तलाशी के दौरान 47 पैकेट में बंधा कुल 47 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। मामले में संलिप्त दो व्यक्तियों की पहचान कर ली गई है। इस संबंध में बीएस सिटी थाना कांड संख्या 89/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

