Breaking
Sat. May 9th, 2026

झींकपानी गैंगरेप कांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र में दर्ज सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले को लेकर शनिवार को सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बहामन टूटी ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व छापेमारी अभियान के जरिए सभी आरोपियों को दबोच लिया गया।

एसडीपीओ ने बताया कि झींकपानी थाना कांड संख्या 16/2026 दिनांक 6 मई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 70(1), 127(2), 332(बी) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया था। पीड़िता ने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में आरोप लगाया था कि अप्रैल माह में जब वह अपने घर में अकेली थी, उसी दौरान गांव के तीन युवक उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने घर का दरवाजा बंद कर उसके साथ जबरन सामूहिक दुष्कर्म किया और घटना की जानकारी किसी को देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।

घटना सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व झींकपानी थाना प्रभारी राजकुमार जेयराजू और एसडीपीओ बहामन टूटी ने किया। पुलिस ने सबसे पहले पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और उसके बयान के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान तकनीकी शाखा की भी सहायता ली गई, जिससे आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया जा सका।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान डूगुद बुड़ीउली उर्फ कोंदा, सिदिऊ मुंडरी उर्फ कोंका और मंडरू उर्फ जम्बीरा गोप के रूप में हुई है। तीनों आरोपी कुदापी मटकमहातू गांव, थाना झींकपानी, पश्चिमी सिंहभूम के रहने वाले बताए गए हैं। पूछताछ के दौरान पुलिस ने घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।

एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तीनों आरोपियों का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

इस पूरे अभियान में पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन मिश्रा, महबा मिंज सहित झींकपानी थाना के कई पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।

Related Post