जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित टीएमएच में शुक्रवार को इलाज के दौरान एक बुजुर्ग मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। मृतक की पहचान सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह निवासी 78 वर्षीय तारकनाथ शर्मा के रूप में हुई है। परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
परिवार के अनुसार, तारकनाथ शर्मा को 4 मई को तबीयत बिगड़ने के बाद टीएमएच में भर्ती कराया गया था। शुरुआत में डॉक्टरों ने उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर करने की बात कही थी, लेकिन बाद में अस्पताल में ही भर्ती कर लिया गया। परिजनों का आरोप है कि पहले दवा से इलाज की बात कही गई, लेकिन बाद में अचानक ऑपरेशन जरूरी बताते हुए 41 हजार रुपये जमा करने को कहा गया। गुरुवार सुबह राशि जमा कराने के बाद शाम में ऑपरेशन किया गया।
बताया गया कि ऑपरेशन के बाद मरीज को जनरल वार्ड में शिफ्ट किया गया, जहां उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल परिसर में हंगामा करने लगे। उनका कहना था कि यदि समय पर सही इलाज और निगरानी होती तो मरीज की जान बचाई जा सकती थी।
इधर, अस्पताल प्रबंधन ने लापरवाही के आरोपों से इनकार किया है। प्रबंधन का कहना है कि ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया था, लेकिन बाद में मरीज को अचानक हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनकी मौत हो गई।

