आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती में 25 सितंबर की रात अब्दुल जाफर पर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद जाफर पर फायरिंग की गई थी। गोली उसके सिर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। उसका इलाज जमशेदपुर के टीएमएच में चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, घटना रात करीब 10 बजे मुस्लिम बस्ती में कल्लू खान के घर पर हुई। वहां शेख अजहरुद्दीन, कादिम खान, प्रकाश चंद्र नायक, डब्लू महतो समेत अन्य लोग पहुंचे थे। उसी दौरान अब्दुल जाफर भी वहां मौजूद था। आरोपियों और जाफर के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने पर गोली चला दी गई। गोली जाफर के सिर को छूकर निकल गई।
फायरिंग के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने एक आरोपी प्रकाश चंद्र नायक को खदेड़कर पकड़ लिया। इस दौरान उसे चोट भी लगी। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा। दूसरी ओर, पुलिस टीम ने मामले के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए ओडिशा में छापेमारी की। मयूरभंज जिले के जशीपुर थाना क्षेत्र के मनादा से प्राथमिकी अभियुक्त डब्लू महतो उर्फ पदमलोचन मोहंता को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों को जाफर के घर में काफी रकम रखे होने की जानकारी मिली थी। इसी रकम और लेन-देन से जुड़े विवाद को फायरिंग की वजह बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी अभियुक्त शेख अजहरुद्दीन का कल्लू खान से पूर्व से परिचय और रिश्तेदारी भी है।
गिरफ्तार प्रकाश चंद्र नायक का पुराना आपराधिक इतिहास भी पुलिस जांच में सामने आया है। पुलिस के अनुसार, वह हत्या और लूट के मामले में पूर्व में आजीवन कारावास की सजा काट चुका है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी कर रही है।

