चक्रधरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिला परिवहन कार्यालय की ओर से चक्रधरपुर के कब्रिस्तान रोड के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
अभियान का नेतृत्व मोटरयान निरीक्षक नेल्सन तिर्की और कृष्णा सोरेन ने किया। इस दौरान सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर वाहनों की जांच की गई।
जांच अभियान में दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट और चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट के उपयोग पर विशेष ध्यान दिया गया। साथ ही वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से जुर्माना वसूला गया।
मोटरयान निरीक्षक नेल्सन तिर्की ने बताया कि जिले में हो रही सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन चालकों की संख्या अधिक पाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि अधिकांश मामलों में हेलमेट का उपयोग नहीं करने के कारण दुर्घटना के दौरान लोगों की मौत हो जाती है। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट की उपयोगिता को समझने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की अपील की।
अभियान के दौरान कुल 24 वाहनों की जांच में नियम उल्लंघन पाए जाने पर 39 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। जिला परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह का अभियान आगे भी लगातार चलाया जाएगा।

