Breaking
Fri. May 8th, 2026

लेखा सहायकों और लिपिकों के स्थानांतरण की मांग, भाजपा नेता ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री हेमन्त कुमार केशरी ने पश्चिम सिंहभूम के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जिले में लंबे समय से एक ही कार्यालय में पदस्थापित वित्तीय कर्मियों के स्थानांतरण की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि झारखंड सरकार के कोषागार एवं संस्थागत वित्त निदेशालय, वित्त विभाग, रांची द्वारा 28 अप्रैल 2026 को जारी पत्र के माध्यम से वेतन मद में अवैध निकासी रोकने के लिए तीन वर्ष से अधिक समय से एक ही कार्यालय में कार्यरत लेखा सहायकों, लेखापालों, लेखा अधीक्षकों और विपत्र लिपिकों का अनिवार्य स्थानांतरण करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही संविदा और एकमुश्त मानदेय पर कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों को वित्तीय कार्यों से दूर रखने को भी कहा गया है।

हेमन्त कुमार केशरी ने आरोप लगाया कि जिले में अब तक इस आदेश का प्रभावी पालन नहीं किया गया है। उन्होंने विशेष रूप से स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय से जमे लेखा कर्मियों और संविदा कर्मियों की जांच कराने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि चाईबासा कोषागार से भी वेतन मद में अवैध निकासी का मामला सामने आ चुका है, इसलिए पूरे जिले में सरकार के निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से भी निर्देश जारी किए गए हैं।

भाजपा नेता ने उपायुक्त से मामले में विशेष संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है।

Related Post