चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में मादक पदार्थों के तौर पर दुरुपयोग होने वाली दवाओं की बिक्री और भंडारण को लेकर दवा निरीक्षक सोनी बारा ने चाईबासा शहर के सदर बाजार स्थित सूर्या मेडिकल स्टोर और अग्रवाल मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दवाओं की खरीद-बिक्री, स्टॉक रजिस्टर और भंडारण व्यवस्था की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान यह भी देखा गया कि दवा दुकानों में औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम का पालन किया जा रहा है या नहीं। जांच में सभी व्यवस्थाएं सही पाई गईं। दुकानों में कोडीन युक्त किसी भी प्रकार का सिरप नहीं मिला।
दवा निरीक्षक सोनी बारा ने दुकानदारों को निर्देश दिया कि दवाओं की बिक्री केवल डॉक्टर के वैध पर्चे के आधार पर ही की जाए। साथ ही दवाओं के भंडारण की स्थिति और व्यवस्था भी अधिनियम के अनुसार संतोषजनक पाई गई।
निरीक्षण के दौरान यह भी निर्देश दिया गया कि यदि कोई व्यक्ति बार-बार संदिग्ध या अनियमित गतिविधियों के उद्देश्य से दवा दुकान पर आता है तो इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों या नजदीकी पुलिस स्टेशन को तुरंत दी जाए।
जिला प्रशासन की ओर से कहा गया कि दवाओं के दुरुपयोग को रोकने के लिए आगे भी नियमित जांच अभियान जारी रहेगा।

