चाईबासा: कांग्रेस भवन, चाईबासा में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमिटी पश्चिमी सिंहभूम की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई ने की। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई ने कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं।
उन्होंने कहा कि जब तक कार्यकर्ता सक्रिय नहीं होंगे, तब तक संगठन मजबूत नहीं हो सकता। उन्होंने सभी प्रखंड, नगर और मंडल अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित मासिक बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रखंड, नगर, पंचायत और मंडल स्तर पर हर माह बैठक होनी चाहिए, ताकि संगठनात्मक गतिविधियां लगातार चलती रहें और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बना रहे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आम जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। रंजन बोयपाई ने कहा कि जनता से सीधा जुड़ाव ही पार्टी को मजबूत करता है और यही कांग्रेस की पहचान रही है।
बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां और कांग्रेस की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई। संभावित पदाधिकारियों से सुझाव भी लिए गए।
जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल जनसंख्या की गिनती नहीं बल्कि हर नागरिक की पहचान और अधिकार का दस्तावेज है। उन्होंने लोगों से 15 मई तक स्व-गणना करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
बैठक में यूथ इंटक अध्यक्ष सुरेश सावैयां, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, ललित कुमार दोराईबुरु, सोनाराम कोड़ाह, सुरेश चंद्र सावैयां, सकारी दोंगो, नगर अध्यक्ष रमेश ठाकुर, जानवी कुदादा, कैरा बिरुवा, लियोनार्ड बोदरा, निराकर बिरुवा, विजय तिग्गा, जगदीश सुंडी, अविनाश कोड़ाह, शिवकर बोयपाई, नारायण सिंह पुरती, मंजु बिरुवा, इरशाद अहमद, राखी सालुजा, अदृश्य पुरती, मो. तस्लीम अंसारी, सनातन सावैयां, संदीप सन्नी देवगम, मोहन सिंह हेम्ब्रम, मो. फिरोज अहमद, सुनीता लकड़ा, मोटाई सुंडी, शंकर बिरुली, मो. इमरान, जोंको अंगरिया, प्रताप पुरती, समीर सुंडी, हरिचरण कुम्हार, सुरेश सामड, सुशील दास सहित अन्य मौजूद थे।

