Breaking
Wed. May 6th, 2026

टाटा–जयपुर सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने पर अनिल मोदी ने दिया सांसद को साधुवाद।

चैंबर ऑफ कॉमर्स एवं अन्य संस्थाओं का प्रयास रंग लाया।

जमशेदपुर: श्री श्याम बाल मंडल के अध्यक्ष अनिल मोदी ने टाटानगर से जयपुर के लिए सीधी ट्रेन सेवा प्रारंभ होने पर जमशेदपुर के सांसद श्री विद्युत महतो को हृदय से साधुवाद एवं आभार व्यक्त किया है।

श्री मोदी ने अपने वक्तव्य में कहा कि 18062 खातीपुरा–संतरागाछी एक्सप्रेस के माध्यम से टाटा से जयपुर तक सीधी रेल सेवा की शुरुआत कोल्हान क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक एवं बहुप्रतीक्षित उपलब्धि है। यह सुविधा विशेष रूप से मारवाड़ी समाज सहित व्यापारिक वर्ग एवं आम यात्रियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी, जो वर्षों से इस मांग को लेकर प्रयासरत थे।

उन्होंने बताया कि कोल्हान के मारवाड़ी समाज के साथ-साथ अन्य सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा लंबे समय से इस ट्रेन की मांग की जा रही थी। इस दिशा में सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री सहित विभिन्न संस्थाओं ने निरंतर प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप आज यह सुविधा साकार हो पाई है।

श्री मोदी ने आगे कहा कि सांसद श्री विद्युत महतो ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए लगातार रेल मंत्रालय के समक्ष इस विषय को उठाया और इसके लिए सतत प्रयासरत रहे। उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि आज टाटा से जयपुर के लिए सीधी ट्रेन सेवा प्रारंभ हो सकी है।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस नई रेल सेवा से व्यापार, पर्यटन एवं पारिवारिक आवागमन को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को भी बल प्राप्त होगा।

श्री मोदी ने केंद्र सरकार एवं रेल मंत्रालय का भी आभार प्रकट करते हुए कहा कि भविष्य में भी क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ऐसी जनहितकारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती रहेंगी।

Related Post