जमशेदपुर से करीब 20 किलोमीटर दूर हुई घटना, केस से दूर रहने की धमकी देने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
हल्दीपोखर (कोवाली): जमशेदपुर से करीब 20 किलोमीटर दूर हल्दीपोखर के हृदयनगर में अधिवक्ता जावेद जमाल के घर हुई चोरी के मामले में नया मोड़ सामने आया है. 13 सितंबर की रात हुई इस चोरी को लेकर कोवाली थाना में कांड संख्या 40/2026 दर्ज है. इसी मामले में हल्दीपोखर के रहने वाले सद्दाम पर चोरी की जिम्मेदारी लेने और अधिवक्ता के मित्र सैयद समीउल्लाह को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है. शिकायत मिलने के बाद कोवाली पुलिस ने सद्दाम को हिरासत में लिया है।
सैयद समीउल्लाह ने कोवाली थाना में लिखित शिकायत देकर बताया है कि 29 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी कार से हल्दीपोखर बाजार से गुजर रहे थे. इसी दौरान सद्दाम ने उनकी कार के सामने आकर उन्हें रोक लिया. आरोप है कि सद्दाम ने कांड संख्या 40/2026 का जिक्र करते हुए उन्हें गाली दी और इस मामले से दूर रहने की धमकी दी।
शिकायत के अनुसार सद्दाम ने कहा कि वह इस केस में काफी आगे-आगे हो रहे हैं, इसलिए इससे दूर रहें, नहीं तो उन्हें गोली मार दी जाएगी. उसने यह भी कहा कि वह हमेशा कमर में हथियार लेकर चलता है. आरोप है कि बातचीत के दौरान सद्दाम ने यह भी दावा किया कि अधिवक्ता के घर हुई चोरी की घटना उसके गिरोह ने की है।
सैयद समीउल्लाह ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि सद्दाम ने पुलिस का डर नहीं होने की बात कही और दावा किया कि वह खुद पुलिस को सूचना देता है. जाते समय उसने कथित तौर पर यह धमकी भी दी कि अगर वह उसे कहीं अकेले मिल गए तो जान से मार देगा।
रासायनिक स्प्रे से बेहोश कर की गई थी चोरी
गौरतलब है कि 13 सितंबर की रात अधिवक्ता जावेद जमाल के घर चोरी हुई थी. आरोप है कि चोरों ने परिवार के सदस्यों को बेहोश करने के लिए किसी तरह के रासायनिक स्प्रे का इस्तेमाल किया था. इसके बाद परिवार करीब दो घंटे तक बेहोशी की हालत में रहा. इसी दौरान चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण और करीब 95 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
मंगलवार को तेंतला में हुई प्रेसवार्ता में अधिवक्ता जावेद जमाल ने बताया था कि शुरुआती सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 2 से 3 बजे के बीच छह संदिग्ध लोग नजर आए हैं. सभी ने अपना चेहरा ढक रखा था. घटना के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पुलिस से जल्द मामले का खुलासा करने की मांग की थी।
अब मामले में सद्दाम द्वारा कथित तौर पर चोरी की जिम्मेदारी लेने और अधिवक्ता के मित्र को धमकी देने के आरोप के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है. पुलिस ने सद्दाम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. चोरी की घटना में उसकी भूमिका और उसके साथियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

