जमशेदपुर। सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की 75वीं आमसभा मंगलवार को चैम्बर भवन में आयोजित हुई। ऐतिहासिक आमसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 की ऑडिट रिपोर्ट के साथ चैम्बर की विभिन्न उपसमितियों की ओर से तैयार किए गए प्रस्तावों और संकल्पों को सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया। इस अवसर पर चैम्बर की ओर से विशेष स्मारिका का भी विमोचन किया गया, जिसमें पिछले एक वर्ष के दौरान संगठन की गतिविधियों, प्रयासों और उपलब्धियों को शामिल किया गया है।
आमसभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि उनके कार्यकाल में व्यापार और उद्योग से जुड़े पारंपरिक मुद्दों के साथ जमशेदपुर की आधारभूत सुविधाओं और जनसुविधाओं से जुड़े विषयों को भी प्राथमिकता दी गई। उन्होंने एयरपोर्ट की आवश्यकता, रेलवे सुविधाओं के विस्तार तथा शहर के विकास से संबंधित मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की बात कही। उन्होंने बताया कि झारखंड के विभिन्न हिस्सों में व्यापारियों और उद्यमियों के सामने आ रही समस्याओं को एक साझा मंच पर रखने के उद्देश्य से राज्य के 19 चैम्बरों को आमंत्रित कर सिम्पोजियम आयोजित किया गया था।
महासचिव पुनीत कांवटिया ने चैम्बर की वार्षिक गतिविधियों और कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने संगठन की ओर से व्यापार एवं उद्योग जगत के हित में उठाए गए मुद्दों और किए गए प्रयासों की जानकारी सदस्यों के समक्ष रखी। वहीं कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की ऑडिट रिपोर्ट पेश की, जिसे आमसभा ने सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की।
आमसभा में व्यापार एवं वाणिज्य से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा के दौरान कोल्हान में टेक्सटाइल एवं गारमेंट पार्क की स्थापना की आवश्यकता पर जोर दिया गया। इसके अलावा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को बढ़ावा देने तथा स्थानीय एमएसएमई और व्यापारियों को सरकारी खरीद में प्राथमिकता दिलाने के लिए आवश्यक पहल करने का संकल्प लिया गया। इससे स्थानीय उद्यमियों और व्यापारियों को बाजार उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में प्रयास करने पर जोर दिया गया।
जनसंपर्क एवं कल्याण से जुड़े प्रस्तावों में जमशेदपुर अथवा आसपास एयरपोर्ट की सुविधा विकसित करने की मांग को प्रमुखता दी गई। टाटानगर रेलवे स्टेशन के आधारभूत ढांचे को और मजबूत करने, शहर की परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नए बस स्टैंड की आवश्यकता तथा चैम्बर के लिए 500 सीटों की क्षमता वाले ऑडिटोरियम के साथ नई प्रशासनिक इमारत के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया।
वित्त एवं कराधान के क्षेत्र में जमशेदपुर कमिश्नरेट में जीएसटी अपीलेट बेंच स्थापित करने की मांग की गई। इसके साथ ही प्रोफेशनल टैक्स के ब्याज से राहत देने के लिए एमनेस्टी योजना लागू करने तथा कर कानूनों में प्रस्तावित बदलावों की जानकारी व्यापारियों को समय रहते उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई, ताकि कारोबारी नए प्रावधानों के अनुरूप अपनी तैयारी कर सकें।
उद्योग क्षेत्र से संबंधित चर्चा में कोल्हान में नए औद्योगिक पार्क की स्थापना, टाटानगर में कोचिंग डिपो की सुविधा, जमशेदपुर में एमएसएमई सुविधा केंद्र स्थापित करने तथा इंडस्ट्रियल पॉलिसी 2026 को प्रभावी तरीके से लागू करने पर जोर दिया गया। चैम्बर ने औद्योगिक विकास के साथ स्थानीय व्यापार और छोटे उद्यमों को सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
75वीं आमसभा के अवसर पर पूर्व अध्यक्ष मुरलीधर केडिया, उमेश कांवटिया और निवर्तमान अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने अपने अनुभव साझा किए और वर्तमान पदाधिकारियों को बधाई दी। आमसभा के समापन के बाद सदस्यों ने हाल में मेरिन ड्राइव पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका सिंह पाण्डेय की पुत्री तृषा सिंह और वंशिका खंडेलवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की। सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत युवाओं की स्मृति को नमन किया।
कार्यक्रम में मनोज गोयल, चन्द्रकांत जटाकिया, उमेश खीरवाल, पीयूष गोयल, अश्विनी अग्रवाल समेत चैम्बर के बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। आमसभा में पारित प्रस्तावों के माध्यम से चैम्बर ने जमशेदपुर और कोल्हान में व्यापार, उद्योग, परिवहन, कर व्यवस्था तथा आधारभूत संरचना से जुड़े मुद्दों को आगे भी प्रमुखता से उठाने का संकल्प दोहराया।

