Breaking
Wed. Sep 16th, 2026

बीरबांस में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार में मातम

सरायकेला। सरायकेला थाना क्षेत्र के बीरबांस गांव में बीती रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 23 वर्षीय युवक रोहित कुंभकार ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। वह संतोष कुंभकार का पुत्र बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, रोहित अपने परिवार से अलग पास में बने एक दूसरे घर में रहता था, जबकि उसके माता-पिता और बड़े भाई का परिवार पुराने मकान में निवास करता है। रोज की तरह सुबह जब उसके पिता नए घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इस पर उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने खिड़की से झांककर देखा, जहां रोहित रस्सी के सहारे छत से लटका हुआ दिखाई दिया।

यह दृश्य देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने घर के ऊपर से अंदर प्रवेश कर दरवाजा खोला और युवक को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया। इस घटना के बाद जहां परिवार में गहरा शोक व्याप्त है, वहीं पूरे गांव में भी मातम का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Related Post