चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित टोंटो थाना क्षेत्र से बुधवार सुबह बड़ी खबर सामने आई है, जहां रूटुगुटू के घने जंगलों में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। यह कार्रवाई कोबरा 209 बटालियन और अन्य सुरक्षा बलों द्वारा संयुक्त रूप से चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान शुरू हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों को कुख्यात नक्सली और एक करोड़ रुपये के इनामी कमांडर मिसिर बेसरा के इस इलाके में सक्रिय होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर जवानों ने जंगल में सर्च अभियान शुरू किया। इसी दौरान अचानक माओवादियों के एक दस्ते से आमना-सामना हो गया, जिसके बाद दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई।
सूत्रों के मुताबिक, मुठभेड़ स्थल घने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में होने के कारण ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। सुरक्षा बलों ने इलाके को चारों ओर से घेर लिया है और अतिरिक्त बलों को भी मौके पर भेजा गया है। ड्रोन और आधुनिक तकनीक की मदद से माओवादियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है और आम लोगों को जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य मिसिर बेसरा सहित शीर्ष माओवादी नेताओं को पकड़ना या निष्क्रिय करना है। इलाके में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और माओवादियों के खिलाफ अभियान को और तेज कर दिया गया है।
गौरतलब है कि पश्चिमी सिंहभूम का यह इलाका लंबे समय से नक्सल गतिविधियों का गढ़ माना जाता रहा है, जहां सुरक्षा बल समय-समय पर बड़े ऑपरेशन चलाते रहे हैं। वर्तमान मुठभेड़ को भी उसी कड़ी में एक अहम कार्रवाई माना जा रहा है।

