Breaking
Sat. Apr 25th, 2026

गोइलकेरा में पूर्व नक्सली की पीट-पीटकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुगुनिया गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां भाकपा माओवादी से जुड़े रहे एक व्यक्ति की अज्ञात हथियारबंद लोगों ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।

मृतक की पहचान दुगुनिया गांव निवासी 32 वर्षीय रमेश चांपिया उर्फ चमड़ा के रूप में हुई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार रमेश कभी नक्सली संगठन से जुड़ा हुआ था, लेकिन गिरफ्तारी के बाद जेल जाने और रिहा होने के पश्चात उसने दोबारा संगठन में लौटने से साफ इनकार कर दिया था। इसके बाद से ही वह संगठन के निशाने पर बताया जा रहा था। रमेश ने सामान्य जीवन अपनाते हुए डेरुवा-मनोहरपुर सड़क निर्माण कार्य में मुंशी के रूप में काम शुरू कर दिया था और परिवार के साथ शांतिपूर्ण जीवन जी रहा था।

घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक करीब चार से पांच की संख्या में हथियारबंद लोग रमेश के घर पहुंचे और उसे बाहर बुलाकर अपने साथ ले गए। इस दौरान उसकी पत्नी ने विरोध करते हुए पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसे धमकाकर वापस भेज दिया। इसके बाद आरोपियों ने रमेश को घर से लगभग 500 मीटर दूर सुनसान स्थान पर ले जाकर उसकी बुरी तरह पिटाई की। हमलावरों ने इतनी बेरहमी दिखाई कि उसके शरीर के संवेदनशील हिस्सों पर भी वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को मुख्य सड़क पर फेंक दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। शनिवार सुबह जब ग्रामीणों की नजर सड़क पर पड़े शव पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही गोइलकेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही इलाके में सघन छापेमारी अभियान भी चलाया जा रहा है।

पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि हत्या हुई है, लेकिन यह पूरी तरह नक्सली घटना है या किसी अन्य कारण से अंजाम दी गई है, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

Related Post