Breaking
Fri. Apr 24th, 2026

लोहरदगा में दर्दनाक सड़क हादसा: NH-39 पर स्कूटी और मालवाहक की टक्कर में 3 की मौत, 5 घायल

लोहरदगा। जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया। नेशनल हाईवे-39 (कुड़ू–रांची मुख्य पथ) पर कुड़ू थाना क्षेत्र के ढुलुवाखुंटा के पास स्कूटी और मालवाहक वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए हैं। घायलों में एक महिला की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक 407 मालवाहक वाहन, जिसमें सरकारी शराब लदी हुई थी, रांची की ओर से कुड़ू की तरफ जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही स्कूटी को वाहन ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी पर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। एक गंभीर रूप से घायल महिला को लोहरदगा सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। दुर्घटना में स्कूटी और मालवाहक वाहन के अलावा एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई, जो टक्कर की चपेट में आ गई थी। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

सूचना मिलते ही कुड़ू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जाम को हटाकर यातायात को सामान्य कराया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। वहीं, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मालवाहक वाहन चालक शराब के नशे में तो नहीं था और वाहन के कागजात व फिटनेस भी जांचे जा रहे हैं।

Related Post