Breaking
Thu. Jun 11th, 2026

जमशेदपुर में जेपीएससी परीक्षा को लेकर ट्रैफिक अलर्ट, रविवार को भारी वाहनों की नो-एंट्री

जमशेदपुर। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) द्वारा आयोजित झारखंड पात्रता परीक्षा 2024 को शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। परीक्षा रविवार को शहर के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसके मद्देनजर ट्रैफिक व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किए गए हैं।

प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार रविवार को अपराह्न 12 बजे से संध्या 6 बजे तक शहर में बसों को छोड़कर सभी प्रकार के भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इस दौरान नो-एंट्री लागू रहेगी ताकि परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़भाड़ और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। यह आदेश शुक्रवार को ट्रैफिक डीएसपी, वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और उपायुक्त के संयुक्त निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) कार्यालय से जारी किया गया है।

परीक्षा को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों और परीक्षा केंद्रों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस द्वारा संवेदनशील चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि परीक्षार्थियों को समय पर अपने केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके साथ ही यातायात कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा अवधि के दौरान एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए मार्ग पूरी तरह सुगम रखें।

प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले अपने घरों से निकलें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। साथ ही आम नागरिकों से भी सहयोग की अपेक्षा जताई गई है, ताकि परीक्षा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Related Post