जमशेदपुर। रेल सेवाओं में लगातार बढ़ती देरी और यात्रियों को हो रही परेशानियों के खिलाफ अब आवाज और तेज होती जा रही है। मंगलवार को रेल यात्री संघर्ष समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल एआरएम कार्यालय पहुंचा और चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर स्थिति में तत्काल सुधार की मांग की।
समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह ने साफ चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ट्रेनों की लेटलतीफी पर शीघ्र नियंत्रण नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में बड़े पैमाने पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से आम यात्रियों को जोड़कर इस मुद्दे को और मजबूती से उठाया जाएगा। साथ ही स्टेशन परिसरों में जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग इस समस्या के खिलाफ एकजुट हो सकें।
ज्ञापन में समिति ने रेलवे की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि जब मालगाड़ियों के संचालन के लिए पर्याप्त आधारभूत संरचना उपलब्ध नहीं है, तो फिर उन्हें प्राथमिकता देकर यात्री ट्रेनों को बार-बार क्यों रोका जा रहा है। इससे आम यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। समिति ने यह भी उल्लेख किया कि जमशेदपुर के सांसद द्वारा इस समस्या को रेल मंत्री के समक्ष उठाए जाने के बावजूद स्थानीय स्तर पर कोई ठोस सुधार नहीं दिख रहा है।
समिति ने आरोप लगाया कि बिना किसी स्पष्ट कारण के यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि यात्री ट्रेनों का समय निर्धारित होता है। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी कर यात्रियों की सुविधा को दरकिनार किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि रेल मंत्री द्वारा यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही जाती है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग नजर आ रही है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि हाल के दिनों में ट्रेनों के एक से छह घंटे तक देरी से चलने की खबरें लगातार सामने आ रही हैं, जिससे रेलवे की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। समिति ने याद दिलाया कि 7 अप्रैल 2026 को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर हजारों यात्रियों के साथ धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन को पहले ही चेतावनी दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
समिति ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही हालात नहीं बदले तो जनआक्रोश और बढ़ेगा तथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में जद(यू) के महानगर अध्यक्ष अजय कुमार सहित सतीश सिंह, प्रदीप सिंह भोजपुरिया, मनोज ठाकुर, सन्नी परिहार, अमित मैती और सन्नी सिंह उपस्थित थे।

