Breaking
Fri. Oct 9th, 2026

होमगार्ड बहाली प्रक्रिया का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित संचालन के दिए निर्देश

चतरा: जिले के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 1 अप्रैल से 23 अप्रैल तक चल रहे होमगार्ड बहाली प्रक्रिया का सोमवार को उपायुक्त रवि आनंद ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने बहाली प्रक्रिया के विभिन्न चरणों पंजीकरण, शारीरिक दक्षता परीक्षा एवं दस्तावेज सत्यापन का अवलोकन किया तथा संबंधित पदाधिकारियों को पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने अभ्यर्थियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पेयजल, छाया, चिकित्सा सुविधा, शौचालय एवं विश्राम स्थल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया. साथ ही उन्होंने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को विधि-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने तथा अभ्यर्थियों के साथ संवेदनशील एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने कहा कि यह बहाली प्रक्रिया युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, अतः सभी संबंधित अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी एवं सजगता के साथ इसे सफलतापूर्वक संपन्न कराएं. इस अवसर पर अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम, जिला नियोजन पदाधिकारी मन्नू कुमार, पुलिस विभाग के अधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Related Post