Breaking
Tue. Apr 21st, 2026

इंसानियत पर हमला….. मदद करने निकले दंपति पर जानलेवा वार, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

बोकारो। सेक्टर-12 थाना क्षेत्र से सामने आई दिल दहला देने वाली घटना ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। मदद के लिए घर से बाहर निकले दंपति पर नशे में धुत युवकों ने बेरहमी से हमला कर दिया, लेकिन अब इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।बताया जाता है कि देर रात एक तेज आवाज सुनकर इकबाल सिंह और उनकी पत्नी हरजिंदर कौर घर से बाहर निकले। बाहर देखा तो एक कार अनियंत्रित होकर पड़ोस की दीवार से टकरा गई थी। गाड़ी का टायर पंचर था और चालक उसे बार-बार पीछे करने की कोशिश कर रहा था। जब इकबाल सिंह ने स्थिति को लेकर सवाल किया, तो कार में सवार युवक अचानक आक्रामक हो उठे। मामूली बात ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और युवकों ने इकबाल सिंह पर हमला कर दिया। पति को बचाने पहुंची हरजिंदर कौर को भी नहीं बख्शा गया।आरोप है कि नशे में धुत हमलावरों ने ईंट से दोनों पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनके चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मौके पर भीड़ जुटी रही, लेकिन कोई भी मदद के लिए आगे नहीं आया- मानवता मूकदर्शक बनी रही। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और जाते-जाते दंपति को जान से मारने की धमकी भी दे गए। दोनों घायलों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।

— केस दर्ज होते ही पुलिस एक्शन में :

सोमवार (20 अप्रैल 2026) को सेक्टर-12 थाना कांड संख्या 37/2026 के तहत मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की और साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान मुख्य आरोपी की पहचान अमन यादव (23 वर्ष) के रूप में हुई। इसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया और मारपीट की बात मानी।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले से ही कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में कई केस दर्ज हैं, जिनमें हिंसक घटनाएं और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले भी शामिल हैं। इतना ही नहीं, पुलिस ने उसके खिलाफ निगरानी संचिका (डोसियर) भी खोल रखा है, जो उसके आपराधिक चरित्र को साफ दर्शाता है। इस पूरे ऑपरेशन को सफल बनाने में सेक्टर-12 थाना की टीम—पु.अ.नि. सरजात खाँ, स.अ.नि. मिथलेश दुबे, आरक्षी देवेश शुक्ला, सत्येन्द्र प्रसाद और चालक अजय कुमार यादव की अहम भूमिका रही।

Related Post