बालक वर्ग में उत्क्रमित उच्च विद्यालय पोटका और बालिका वर्ग में श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल बागबेड़ा बना विजेता, 24 टीमों के 300 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
जमशेदपुर। साकची हाई स्कूल परिसर में शुक्रवार को विद्यालय के पूर्ववर्ती छात्र स्व. शुभोदीप मंडल की स्मृति में एक दिवसीय अंतर विद्यालय खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बालक एवं बालिका वर्ग की इस प्रतियोगिता में अंडर-17 आयु वर्ग की कुल 24 टीमों ने हिस्सा लिया। खेल के मैदान में 300 से अधिक छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में पूर्वी सिंहभूम खो-खो एसोसिएशन ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया, जबकि रेड क्रॉस सोसाइटी, जमशेदपुर का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्वी सिंहभूम की जिला खेल पदाधिकारी एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रूपा रानी तिर्की, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी विश्वनाथ दास, ईस्ट बंगाल के चर्चित पूर्व खिलाड़ी एवं वर्तमान फुटबॉल कोच प्रशांत बनर्जी, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विकास मुखर्जी, सचिव देवदास विश्वास, प्रधानाध्यापक प्रणव कुमार घोष तथा आयोजन समिति की संयोजिका पूर्वी घोष ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि स्कूली स्तर पर इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने साकची हाई स्कूल प्रबंधन, पूर्ववर्ती छात्रों के समूह और पूर्वी सिंहभूम खो-खो एसोसिएशन को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। विद्यालय के सचिव देवदास विश्वास ने भी आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रयासों की सराहना करते हुए बच्चों को बेहतर खेल सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ियों ने भी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के बालक वर्ग में उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पोटका की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। संत रॉबर्ट स्कूल, परसुडीह की टीम उपविजेता रही, जबकि टाटा वर्कर्स यूनियन हाई स्कूल, सिदगोड़ा को तीसरा स्थान मिला। वहीं बालिका वर्ग में श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल, बागबेड़ा की टीम विजेता बनी। सरदार वल्लभभाई पटेल स्मारक उच्च विद्यालय, छोटा गोविंदपुर ने दूसरा और मध्य विद्यालय, गदड़ा ने तीसरा स्थान हासिल किया।
दोनों वर्गों में नॉकआउट आधार पर कुल 30 मुकाबले खेले गए। प्रत्येक वर्ग में 12 टीमों ने भाग लिया और 15-15 मैचों के जरिए विजेता टीमों का फैसला हुआ। प्रतियोगिता के समापन समारोह में प्रशांत बनर्जी, विश्वजीत दास, देवदास विश्वास, तापोशी बोस, पूर्वी घोष और प्रणव कुमार घोष ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता की तकनीकी व्यवस्था का नेतृत्व पूर्वी सिंहभूम खो-खो एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष डॉ. श्याम कुमार शर्मा ने किया। पूर्ववर्ती छात्र समिति के संयोजक सुवेंदु विश्वास ने धन्यवाद ज्ञापन किया। आयोजन को सफल बनाने में शिप्रा भट्टाचार्य, तापोसी घोष, पूर्वी घोष, शिवानी, जोबा घोषाल, मीता बोस, जयंतो दत्ता, प्रणव सरकार, आयुष मंडल, अनिंदो विश्वास, बिशन सरकार, अरुण मुकूटी, देवाशीष प्रामाणिक, मुक्ति सरकार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

