Breaking
Sun. May 10th, 2026

धनबाद में अवैध मंगूर मछली कारोबार को लेकर फायरिंग, क्षेत्र में दहशत*

धनबाद* : कोयलांचल धनबाद के चिरकुंडा थाना क्षेत्र में अवैध मंगूर मछली के कारोबार में वर्चस्व को लेकर गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चिरकुंडा थाना क्षेत्र के विवेकानंद कॉलोनी निवासी व्यवसायी रौशन बर्णवाल को निशाना बनाते हुए रविवार अहले सुबह अज्ञात अपराधियों ने उनके घर के बाहर खड़ी ऑटो पर फायरिंग कर दी। अपराधियों ने दो राउंड गोलियां चलाईं, जिससे ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया।

हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन अचानक हुई फायरिंग से स्थानीय लोग सहम गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया। साथ ही क्षतिग्रस्त ऑटो को जब्त कर थाना ले जाया गया है।

पीड़ित रौशन बर्णवाल के पिता ने चिरकुंडा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

गौरतलब है कि घटना से एक दिन पहले निरसा विधायक Arup Chatterjee ने प्रेसवार्ता कर क्षेत्र में मंगूर मछली, बालू, लोहा, कोयला और लॉटरी जैसे अवैध कारोबारों के खुलेआम संचालन का आरोप लगाया था। इस फायरिंग की घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Post