गुवा।पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित गुवा में रविवार को ठेका मजदूरों की विभिन्न समस्याओं और स्थानीय मुद्दों को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन और सेल प्रबंधन के बीच अहम बैठक हुई। बैठक में मजदूरों से जुड़े कई गंभीर विषयों पर चर्चा की गई, जिस पर प्रबंधन ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए शीघ्र समाधान का भरोसा दिया।
यूनियन की ओर से केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे, महामंत्री अंतरयामी महाकुड़, चंद्रिका खण्डाईत, पदमा केसरी और राजेश यादव मौजूद थे। वहीं प्रबंधन का प्रतिनिधित्व मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार और महाप्रबंधक (एचआर) प्रवीण कुमार सिंह ने किया।
बैठक में गुवा सेल अस्पताल की खराब व्यवस्था प्रमुख मुद्दा रही। यूनियन ने मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में कटौती, जैसे फल वितरण बंद होना, रात में दूध न मिलना, पौष्टिक भोजन की कमी और शुगर मरीजों के लिए विशेष डाइट की अनुपलब्धता पर चिंता जताई। साथ ही मजदूरों के जर्जर क्वार्टरों की मरम्मत, सिविल कार्य शुरू करने और शौचालय निर्माण जैसे मुद्दे भी उठाए गए।
इसके अलावा समान काम के बदले समान वेतन, कर्मचारियों की कमी, कंप्यूटर प्रशिक्षण और सफाई कर्मियों को ड्रेस देने की मांग रखी गई। शिक्षा और पेयजल व्यवस्था सुधारने पर भी जोर दिया गया।
प्रबंधन के आश्वासन से संतोष तो है, लेकिन मजदूरों की नजर अब इन वादों के क्रियान्वयन पर टिकी है।

