Breaking
Sat. Apr 18th, 2026

बहरागोड़ा में मिले जिंदा बम से दहशत में ग्रामीण; सेना ने संभाली जांच

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत पानीपड़ा-नागुड़साई गांव में सुवर्णरेखा नदी के किनारे एक बार फिर संदिग्ध बम मिलने से पूरे इलाके में भय का माहौल गहरा गया है। लगातार तीन दिनों के भीतर दूसरी बार विस्फोटक जैसी वस्तु मिलने की घटना ने स्थानीय ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को रांची से भारतीय सेना की विशेष बम निरोधक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

सेना की टीम का नेतृत्व कर रहे कैप्टन आयुष कुमार सिंह ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच के बाद उन्होंने बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा को बताया कि बरामद वस्तु एक ‘जिंदा बम’ प्रतीत हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इसकी संरचना, विस्फोटक क्षमता और तकनीकी पहलुओं की गहन जांच विशेषज्ञों द्वारा की जा रही है, ताकि किसी भी तरह के खतरे का सही आकलन किया जा सके।

फिलहाल इस संदिग्ध बम को सुरक्षित स्थान पर रखते हुए उसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे सेना के उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। मुख्यालय से दिशा-निर्देश मिलने के बाद ही इसे निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे क्षेत्र को सेना और पुलिस की निगरानी में ले लिया गया है।

घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने एहतियातन इलाके में लोगों की आवाजाही सीमित कर दी है। ग्रामीणों को सख्त निर्देश दिया गया है कि वे किसी भी हाल में बम के करीब न जाएं और संदिग्ध वस्तु दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। वहीं, लगातार दूसरी बार बम मिलने की घटना को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर ये विस्फोटक सामग्री यहां कैसे पहुंच रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले कुछ दिनों से दहशत में जी रहे हैं और प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Related Post