चाईबासा: शुक्रवार देर शाम चाईबासा के शहरी क्षेत्र में प्रशासन द्वारा औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी, सदर संदीप अनुराग टोपनो ने किया। उनके साथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर बहामन टुटी, अंचल अधिकारी, सदर उपेंद्र कुमार एवं मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम ने शहर के विभिन्न होटल और लॉज में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान होटल-लॉज में ठहरने वाले लोगों की जानकारी, रजिस्टर में दर्ज विवरण और सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
अधिकारियों ने यह भी देखा कि आगंतुकों का पूरा विवरण सही तरीके से दर्ज किया जा रहा है या नहीं।
मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग टोपनो ने बताया कि यह एक सामान्य जांच अभियान है। इसका उद्देश्य शहर और अनुमंडल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति का आकलन करना है। उन्होंने कहा कि होटल और लॉज संचालकों द्वारा रजिस्टर सही तरीके से मेंटेन किया जा रहा है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित संचालकों को शॉकोज नोटिस जारी किया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के इस औचक निरीक्षण से होटल और लॉज संचालकों में हलचल देखी गई, वहीं आम लोगों ने इसे सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से एक सकारात्मक कदम बताया।

