Breaking
Tue. May 12th, 2026

आदित्यपुर में फायरिंग कांड का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित चुना भट्टा में संजय इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान पर 14 मार्च 2026 को हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने जानलेवा नीयत से दिनदहाड़े गोली चलाई थी।

घटना के बाद आदित्यपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गौरव मिश्रा को आदित्यपुर स्थित एलआईजी कॉलोनी, एमपी टावर के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ने ही फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई पिस्तौल भी बरामद कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

पुलिस ने यह भी बताया कि इस कांड में पहले ही एक अन्य आरोपी ऋषि मिश्रा को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, गौरव मिश्रा का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ साकची एवं कदमा थाना में आर्म्स एक्ट के तहत पहले से मामले दर्ज हैं।

छापेमारी दल में आदित्यपुर थाना प्रभारी बिनोद तिर्की के साथ सतीश वर्णवाल, विनोद टुडू और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Related Post