Breaking
Wed. May 20th, 2026

एलपीजी वितरण में गड़बड़ी पर सख्ती, उपायुक्त ने एजेंसियों को दी चेतावनी

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में गैस एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि उपभोक्ताओं को समय पर और निर्धारित दर पर गैस उपलब्ध कराना उनकी जिम्मेदारी है, इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के दौरान गैस आपूर्ति व्यवस्था, वितरण प्रणाली और उपभोक्ताओं को हो रही दिक्कतों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने कहा कि बाजार में गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर रोक लगाना जरूरी है और किसी भी तरह की कालाबाजारी या कृत्रिम अभाव पैदा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी शिकायत निवारण प्रणाली लागू करें और हेल्पलाइन नंबर को सार्वजनिक रूप से प्रचारित करें, ताकि आम लोग आसानी से अपनी समस्याएं दर्ज करा सकें। साथ ही उपभोक्ताओं के साथ पारदर्शी व्यवहार रखने और उनकी शंकाओं का समाधान करने पर भी जोर दिया गया।

उपायुक्त ने चेतावनी दी कि यदि किसी एजेंसी द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूली गई या वितरण में अनियमितता पाई गई तो संबंधित के खिलाफ प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि गैस आपूर्ति से जुड़ी किसी भी शिकायत की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।

बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी मोजाहिद अंसारी, एडीएम (एसओआर) राहुल जी आनंद और विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

Related Post