Breaking
Wed. May 20th, 2026

छायानगर में गोलीबारी और जानलेवा हमले का राजफाश, भागने की फिराक में चार आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत छायानगर (डिब्बा लाइन बस्ती) में हुई हिंसक घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी वारदात के बाद शहर से फरार होने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस की तत्परता से उनकी योजना नाकाम हो गई।

पुलिस के अनुसार, एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने गुप्त सूचना के आधार पर मानगो बस स्टैंड पर छापेमारी की। इस दौरान चारों आरोपी बस पकड़कर पटना भागने की तैयारी में थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों में करण वर्मा, निर्भय सिंह उर्फ छोटका, संतोष वर्मा उर्फ मुन्ना और कुणाल मुंडा उर्फ छिला शामिल हैं। सभी आरोपी उसी इलाके के निवासी बताए गए हैं जहां घटना हुई थी।

घटना मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे की है। छायानगर के अमित स्टोर के पास अचानक कुछ युवकों ने हथियारों के साथ उत्पात मचाना शुरू कर दिया। उन्होंने पहले इलाके में दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की, जिसके बाद सन्नी पुष्टि उर्फ जगन्नाथ और नंदू लोहार पर हमला कर दिया। दोनों को सड़कों पर दौड़ाकर पीटा गया और धारदार हथियार से गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया।

वारदात के बाद पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ स्थानीय सूत्रों की मदद से आरोपियों का पता लगाया। गिरफ्तारी के बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक देसी कट्टा, तीन धारदार चापड़ और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

घायल नंदू लोहार के बयान के आधार पर सीतारामडेरा थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से तीन पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। खासकर कुणाल मुंडा उर्फ छिला के खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों का भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।

शनिवार को सिटी एसपी कुमार शुभाशिष ने प्रेस वार्ता में पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Post