Breaking
Wed. Sep 16th, 2026

लोहरदगा के भंडरा में स्कॉर्पियो-बाइक टक्कर,हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत*

लोहरदगा :* भंडरा-चट्टी मुख्य पथ पर भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। घटना लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के कचमची गांव के समीप हुई, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई। मृतकों की पहचान रांची जिले के बेड़ों थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़कट्टी गांव निवासी शोषण उरांव (18) और चंपा उरांव (22) के रूप में हुई है। दोनों युवक भंडरा में प्रखंड स्तरीय सरहुल उत्सव में शामिल होने के बाद मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही स्कॉर्पियो से उनकी टक्कर हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भंडरा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है।

Related Post