जमशेदपुर। पवित्र रमजान माह के अवसर पर जुगसलाई स्थित गौरी शंकर रोड H.K परिसर में मंगलवार को दावत-ए-इफ्तार का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में अल्पसंख्यक आयोग के मंत्री हिदायतुल्ला खान अपनी पत्नी सह नव-निर्वाचित जुगसलाई की मेयर नौशीन खान के साथ मुख्य रूप से शामिल हुए।
इफ्तार पार्टी में जुगसलाई नगर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, धर्मगुरु और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जुगसलाई नगर के अध्यक्ष हाजी हिसामुद्दीन ने की। आयोजन का मुख्य उद्देश्य रमजान के पवित्र महीने में आपसी भाईचारा, सौहार्द और सामाजिक एकता को मजबूत करना था।
सूर्यास्त के समय अजान के साथ रोजेदारों ने खजूर और पानी से रोजा खोला। इसके बाद सामूहिक नमाज अदा की गई और सभी अतिथियों के लिए पारंपरिक व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम के दौरान मंत्री हिदायतुल्ला खान ने कहा कि रमजान का महीना संयम, त्याग और मानवता की सेवा का संदेश देता है। उन्होंने समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
जुगसलाई मेयर नौशीन खान ने भी अपने संबोधन में कहा कि इफ्तार जैसे आयोजन सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं और विभिन्न समुदायों के बीच आपसी विश्वास को मजबूत करते हैं। उन्होंने नगर विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की बात दोहराई।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों ने भी विचार व्यक्त किए और रमजान की मुबारकबाद दी। आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी और देश-प्रदेश की खुशहाली की दुआ मांगी।

