*धनबाद*। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में एक सेवानिवृत्त जमादार लालेश्वर सिंह (63 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। एसीबी ने देर रात हीरापुर स्थित उसके आवासीय कॉलोनी से यह कार्रवाई की।
सूत्रों के अनुसार, लालेश्वर सिंह ने अपनी सेवा अवधि में ज्ञात आय स्रोतों से अधिक करीब 15 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की। शिकायत मिलने के बाद वर्ष 2016 से जांच जारी थी। फरवरी 2019 में प्रारंभिक जांच दर्ज की गई, जबकि सितंबर 2020 में रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपी गई। जनवरी 2023 में औपचारिक प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
सोमवार को एसीबी की विशेष टीम ने उसके आवास पर छापेमारी कर दस्तावेज जब्त किए और आरोपी को हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) में भर्ती कराया गया, जहां बीपी और शुगर लेवल बढ़ा हुआ पाया गया।
बताया जाता है कि लालेश्वर सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री रीता वर्मा की सुरक्षा में बॉडीगार्ड के रूप में भी तैनात रह चुका है, जिससे मामला और चर्चाओं में है।
एसीबी अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

