Breaking
Mon. Feb 16th, 2026

मानगो नगर निगम चुनाव: वार्ड 13 से डॉ. गुंजा सैनी ने मांगा जनसमर्थन, विकास और स्वच्छता को बनाया प्रमुख मुद्दा

जमशेदपुर। मानगो नगर निगम क्षेत्र में होने वाले चुनाव को लेकर वार्ड संख्या 13 में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। वार्ड 13 से प्रत्याशी डॉ. गुंजा सैनी ने सोमवार को मतदाताओं से समर्थन और मतदान की अपील करते हुए कहा है कि उनका उद्देश्य वार्ड का समग्र विकास, बेहतर स्वच्छता व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, महिलाओं का सशक्तिकरण और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

डॉ. गुंजा सैनी, जो पेशे से शिक्षित और सामाजिक रूप से सक्रिय व्यक्तित्व मानी जाती हैं, ने अपने जनसंपर्क अभियान के दौरान क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद स्थापित किया। उनके साथ उनके पति संतोष सैनी भी जनसंपर्क में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। डॉ. सैनी ने कहा कि वार्ड 13 में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था, नाली एवं सड़क की मरम्मत, नियमित जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था और स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार और संवेदनशील प्रतिनिधि के रूप में वे जनता की समस्याओं को सुनकर त्वरित समाधान की दिशा में कार्य करेंगी। महिलाओं और युवाओं के लिए विशेष योजनाएं लाने तथा स्व-सहायता समूहों को बढ़ावा देने का भी उन्होंने संकल्प लिया। डॉ. सैनी ने कहा कि सही सोच और सही प्रतिनिधि का चयन ही क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेगा।

जनसंपर्क के दौरान उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने बहुमूल्य मत का प्रयोग कर उन्हें विजयी बनाएं, ताकि वार्ड 13 को एक आदर्श वार्ड के रूप में विकसित किया जा सके। उन्होंने कहा कि आपका एक वोट बेहतर भविष्य की ओर एक मजबूत कदम साबित होगा।

मानगो नगर निगम के वार्ड 13 में इस बार मुकाबला रोचक होने की संभावना है, और ऐसे में प्रत्याशियों द्वारा जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया गया है। डॉ. गुंजा सैनी ने विश्वास जताया कि क्षेत्र की जनता विकास और पारदर्शिता के पक्ष में मतदान करेगी।

Related Post