हाटगम्हरिया। पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया प्रखंड में शनिवार रात एक युवक की अज्ञात अपराधियों द्वारा हत्या कर दिए जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पर्व-त्योहार की खुशियों के बीच हुई इस वारदात ने गांव में मातम और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
जानकारी के अनुसार हाटगम्हरिया बस्ती के भुईंया साई निवासी 39 वर्षीय बैसाखु ग्वाला को शनिवार रात करीब नौ बजे पड़ोस के दो युवक किसी बहाने से घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। उस समय क्षेत्र में मागे पर्व की तैयारियां चल रही थीं, जिससे परिजनों या ग्रामीणों को किसी अनहोनी की आशंका नहीं हुई। देर रात तक जब बैसाखु घर नहीं लौटे तो परिवार के लोग चिंतित हो उठे और आसपास उनकी खोजबीन शुरू कर दी, लेकिन रातभर कोई पता नहीं चल सका।
रविवार सुबह ग्रामीणों ने सूचना दी कि परमसाई जोड़ा तालाब में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान बैसाखु ग्वाला के रूप में की गई। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जुट गए। सूचना मिलने पर हाटगम्हरिया थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पंचनामा के उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
मृतक की पत्नी शुरू ग्वाला के फर्द बयान के आधार पर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। थाना प्रभारी उत्तम तिवारी ने बताया कि हत्या के इस मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। जिन युवकों द्वारा मृतक को घर से बुलाया गया था, उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस की ओर से संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।

