Breaking
Sun. Feb 15th, 2026

देवर-भाभी के अवैध संबंध ने ली पान दुकानदार की जान, सुपारी देकर कराई हत्या; तीन गिरफ्तार

गोड्डा। जिले के महागामा थाना क्षेत्र में मांगन पिपरा गांव के पान दुकानदार अमित मोदी की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। 27/28 जनवरी 2026 की रात अज्ञात अपराधियों द्वारा धारदार हथियार से सिर पर वार कर 32 वर्षीय अमित मोदी की हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में महागामा थाना कांड संख्या 12/26 दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गोड्डा के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महागामा चन्द्रशेखर आजाद के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय आसूचना के आधार पर गहन जांच करते हुए पुलिस ने न केवल हत्या का उद्भेदन किया, बल्कि घटना में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का गंडासा सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।

अनुसंधान में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि हत्या की साजिश मृतक की पत्नी सोनी देवी और उसके देवर रोहित मोदी ने मिलकर रची थी। पुलिस के अनुसार देवर-भाभी के बीच पिछले पांच-छह वर्षों से प्रेम प्रसंग और अवैध संबंध था। दोनों अमित मोदी की हत्या कर आपस में विवाह करना चाहते थे। इसी उद्देश्य से रोहित मोदी ने अपने गांव के ही दोस्त मो. शाईन आलम को एक लाख रुपये की सुपारी दी। मो. शाईन ने इस काम में सहयोग के लिए पड़ोसी विजेंद्र पासवान उर्फ बिदो को 25 हजार रुपये देने की बात तय की।

योजना के तहत मो. शाईन और विजेंद्र पासवान ने घटना से करीब एक सप्ताह पूर्व हत्या के लिए गंडासा खरीदा। 27 जनवरी की रात शराब पिलाने के बहाने अमित मोदी को घर से बुलाया गया। पुलिस के अनुसार मो. शाईन मृतक को उसकी पत्नी के सामने से ही लेकर गया। उसी दौरान सोनी देवी ने मृतक का मोबाइल बंद कर अपने पास छिपा लिया। बाद में साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से गंगा स्नान के दौरान मोबाइल को गंगा नदी में फेंक दिया गया। सुनसान स्थान पर ले जाकर गंडासा से सिर पर वार कर अमित मोदी की निर्मम हत्या कर दी गई।

पुलिस ने मो. शाईन आलम (25 वर्ष), पिता मो. बदरुद्दीन, विजेंद्र पासवान उर्फ बिदो (35 वर्ष), पिता गणेश पासवान और सोनी देवी (30 वर्ष), पति स्व. अमित कुमार मोदी, सभी निवासी मांगन पिपरा, थाना महागामा, जिला गोड्डा को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त एक लोहे का गंडासा, घटनास्थल से खून लगी मिट्टी, दो मोबाइल फोन तथा एक पारदर्शी प्लास्टिक की बोतल में महुआ शराब जैसी सामग्री जब्त की गई है।

छापेमारी टीम में महागामा प्रभाग के पुलिस निरीक्षक उपेन्द्र कुमार महतो, महागामा थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल, सहायक अवर निरीक्षक रोमा कुमारी, जुगनु महथा, खालीद अहमद खान सहित थाना रिजर्व गार्ड के सशस्त्र बल शामिल थे।

Related Post