Breaking
Mon. Feb 16th, 2026

आदित्यपुर रेलवे यार्ड के पास नाले में मिला व्यक्ति का शव, पांच बेटियों के पिता मंगल लोहार की मौत से सनसनी

आदित्यपुर।सरायकेला-खरसावां जिला के आदित्यपुर स्थित रेलवे यार्ड के समीप दीवार से सटे नाले में एक व्यक्ति का शव मिलने से रविवार सुबह इलाके में सनसनी फैल गई। शव देखे जाने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक की पहचान सीता बस्ती निवासी मंगल लोहार के रूप में की जा रही है। बताया जा रहा है कि मंगल लोहार की उम्र लगभग 50 से 60 वर्ष के बीच थी। वह विवाहित था और पांच बेटियों का पिता था। परिजनों और पड़ोसियों ने बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था, लेकिन उसे शराब पीने की लत थी, जिसके कारण पारिवारिक और सामाजिक जीवन में अक्सर परेशानियां बनी रहती थीं।

मोहल्ले के लोगों ने बताया कि मंगल लोहार पिछले पांच से छह दिनों से लापता था। परिवार के सदस्य उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। इसी बीच रविवार को रेलवे यार्ड के पास नाले में एक शव पड़ा होने की सूचना मिली। जब लोग वहां पहुंचे तो कपड़ों और शारीरिक बनावट के आधार पर उसकी पहचान मंगल लोहार के रूप में की गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शव नाले के पानी में आंशिक रूप से डूबा हुआ था और उससे दुर्गंध भी आने लगी थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि मौत दो-तीन दिन पहले ही हो चुकी थी। हालांकि मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। कुछ लोग इसे हादसा मान रहे हैं तो कुछ लोग अन्य आशंकाएं भी जता रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वह नाले में गिरा या किसी अन्य कारण से उसकी मौत हुई।घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Related Post